हॉट सिटी में रहने वालों को अब रोडवेज बसें पिंक सिटी तक पहुंचाएंगी। रोडवेज जयपुर के लिए वॉल्वो सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
गाजियाबाद और कौशांबी से पिंक सिटी के लिए वॉल्वो चलाने के मकसद रोडवेज ने बस के परमिट का आवेदन जयपुर भेज दिया है। परमिट मिलते ही हॉट सिटी से पिंक सिटी के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
हाल ही में जयपुर में हुई बैठक में रोडवेज अधिकारियों की वहां के स्थानीय परिवहन अधिकारियों से इस बाबत बातचीत हुई है। जनवरी के अंत तक बस का परमिट मिल जाने की उम्मीद है।
कोशिश की जा रही है कि यह स्पेशल बस जयपुर के साथ राजस्थान के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट्स को भी कनेक्ट करे। रोडवेज और अनुबंधित बस संचालकों के बीच बातचीत चल रही है।
बताया गया कि अभी तक कश्मीरी गेट से पिंक सिटी के लिए बस चलती है। पर्यटकों की संख्या और मांग को देखते हुए बस चलाने की तैयारी की जा रही है। बस को कौशांबी और गाजियाबाद बस स्टेशन होते हुए चलाया जाएगा।
जंतर-मंतर, हवा महल और आमेर के किले की कराएंगे सैर
रोडवेज की ओर से वॉल्वो बस को प्रमुख स्थलों तक चलाने की कोशिश की जाएगी। इनमें पिंक सिटी के जंतर-मंतर, हवा महल, आमेर का किला, सिटी पैलेस आदि शामिल हैं।
एनसीआर आटो के तीन परमिट जारी
एनसीआर आटो का परमिट लेने के लिए शनिवार तक सात सौ लोगों ने आवेदन किया है। वहीं, एनसीआर आटो के लिए सिहानी रोड विद्यानगर निवासी पतराम शर्मा, पंचशील कालोनी निवासी प्रवीण कुमार और सिहानी निवासी राजेंद्र कुमार के परमिट जारी किए गए।
गाजियाबाद में अब तक पांच परमिट जारी हो चुके हैं। वहीं, नोएडा में एक भी परमिट जारी नहीं किया गया है। आरटीओ मयंक ज्योति ने बताया कि विभाग का प्रयास लोगों को 15 जनवरी को एनसीआर आटो की सवारी कराने की है।
औपचारिकताओं के बाद एनसीआर आटो नोएडा ,गाजियाबाद -दिल्ली की सड़कों पर दौड़ेंगे। एनसीआर आटो का उदघाटन कराकर संचालन करा दिया जाएगा।