नूंह खंड के गांव संगेल में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के आयोजन को लेकर गांव के सरपंच सहित अन्य गण्यमान लोगों ने अमर उजाला फाउंडेशन का अभार व्यक्त किया है।
शिविर में संगेल गांव के 482 मरीजों का पंजीकरण किया गया। जिसमें से 250 पुरुष व 232 महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में 110 लोगों के मलेरिया टेस्ट किया गया। जिसमें से दो मरीजों को पीएफ मलेरिया व सात मरीजों को पीवी मलेरिया पाया गया। जिनकी दवाइयां तुरंत मरीजों को शिविर में ही वितरित की गई।
इसके अलावा शिविर में मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग के चिकित्सक डा. लियाकत अली ने कान, नाक व गला, हड्डी विभाग के डाक्टर फहाद तथा आंख विभाग के डाक्टर मखमूर तथा उजीना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मेड़ीकल आफीसर डाक्टर योगेश तथा डा. रोहित ने मरीजों की जांच कर उन्हें दवाईयां दी।
उजीना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की 4 स्टाफनर्सों ने मरीजों की खून जांच की। संगेल गांव के सरपंच राजेंद्र सिंह ने कहा कि अमर उजाला ने उनके गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कर लोगों को काफी फायदा पहुंचाया है। वे गांव की तरफ से अमर उजाला फाऊंड़ेशन तथा स्वास्थ्य विभाग के डाक्टरों का हार्दिक आभार प्रकट करते है।
समाज सेवी एवं शिविर के सफल संचालन में अह्म भूमिका निभाने वाले केशव पंड़ित ने कहा कि उनके गांव में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है।
उजीना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक मलेरिया को लेकर यहां जरुर शिविर इत्यादि लगाकर लोगों को दवाईयां देते है, लेकिन अमर उजाला फाऊंड़ेशन ने कई विभागों के डाक्टर यहां बुलाकर लोगों की कई समस्याओं का उनके घर पर ही निदान कराया, जो एक अच्छा कार्य है।
समाज सेवी गिरधारी चौहान व राजकुमार छोंकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार का शिविर लगाकर एक अच्छी पहल की गई है। शहरों व कस्बों में तो लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल जाती है, लेकिन गांव के लोग इस मामले में काफी पीछे रहते है।
अमर उजाला फाऊंड़ेशन ने उनके गांव के लोगों को कई बीमारियों का गांव में इलाज कराकर लोगों को शहरों की तर्ज पर बेहतरीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवा कर एक अच्छा कार्य किया है, जिसके लिए वे तथा उनका गांव आभार व्यक्त करता है।