दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी-तुगलकाबाद इलाके में शनिवार दोपहर मवेशियों के अवशेष मिलने से अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्टा हो गई। लोगों ने नारेबाजी शुरू कर एमबी रोड जाम कर दिया। पुलिस को खबर मिली तो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया। बाद में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मवेशी के अवशेषों को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी। मवेशियों के अवशेष यहां कैसे आए, इसका भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से पड़ताल की जा रही है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि दोपहर 12.20 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने महरौली-बदरपुर रोड पर जाम लगा दिया है। भीड़ का कहना है कि किसी ने मौके पर गोकशी करने के उसके अवशेष यहां छोड़ दिए हैं। खबर मिलते ही पुल प्रहलादपुर और गोविंदपुरी थाना पुलिस वहां पहुंच गई। जांच के बाद एरिया गोविंदपुरी थाने का मिला। तुगलकाबाद गांव के लोग वहां मौजूद थे। लोगों का कहना था कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक वह जाम नहीं खोलेंगे। पुलिस ने किसी तरह लोगों को मनाया। बाद में रास्ता खुलवा दिया। करीब डेढ़ घंटे एमबी रोड के दोनो केरिजवे बंद रहे।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल नहीं पता चल पाया है कि अवशेष किसी मवेशी के हैं। छानबीन के बाद मामला साफ होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पड़ताल कर रही है।