बुलंदशर जिले में बकाया बिल जमा नहीं करने पर जेई व अन्य कर्मचारी कनेक्शन काटने गए थे। ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की। जेई ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
टैना गोसपुर गांव में बुधवार दोपहर बकाया बिल जमा नहीं करने पर जेई व अन्य कर्मचारी कनेक्शन काटने गए थे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जेई ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
अवर अभियंता हृदय शंकर प्रजापति ने बताया कि वह विद्युत उपकेंद्र नंबर पांच पर कार्यरत हैं। बुधवार को वह बकाया वसूली के लिए टैना गोसपुर गांव में गए थे। एक उपभोक्ता पर 39,979 रुपये का बकाया था। उपभोक्ता से बकाया जमा करने को कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर लाइनमैन से उपभोक्ता का कनेक्शन काटने के लिए कहा गया। इस बात पर उपभोक्ता व उसका बेटा भड़क गया।
आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। अन्य ग्रामीण भी उनके पक्ष से आ गए। ऐसे में बड़ी मुश्किल से जान बचाकर वहां से भागे। अवर अभियंता ने पुलिस से कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। वहीं, झगड़े का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।