दृष्टि आईएएस अकादमी के एक्स अकाउंट की ओर से जारी पोस्ट में विकास दिव्यकीर्ति ने कहा कि 'पिछले दिनों में ओल्ड राजेंद्र नगर में हुई दो दुर्घटनाओं में चार होनहार विद्यार्थियों का असमय निधन हुआ। एक विद्यार्थी नीलेश राय का निधन जलमग्न सड़क पर करेंट लगने से हुआ जबकि तीन विद्यार्थी श्रेया यादव, तान्या सोनी और निविन डाल्विन एक कोचिंग संस्थान की बेसमेंट में हुए आकस्मिक जल-भराव के शिकार हुए। यह समय निश्चित तौर पर बच्चों के परिवारों के लिये अत्यंत कठिन है। इस अपार दुख में हम उनके साथ खड़े हैं'।
उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि कोई भी राशि बच्चों के न रहने की पीड़ा को नहीं मिटा सकती, फिर भी इस दुख की घड़ी में अपनी साझेदारी व्यक्त करने के एक विनम्र प्रयास के रूप में, दृष्टि आईएएस ने चारों शोक-संतप्त परिवारों को 10 लाख (प्रत्येक) की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।
निशुल्क शैक्षणिक सहायता भी कराएंगे उपलब्ध
विकास दिव्यकीर्ति ने कहा कि जिस कोचिंग में हादसा हुआ था उसके वर्तमान विद्यार्थियों की मदद करने के लिये भी हम तत्पर रहेंगे। हम सामान्य अध्ययन, टेस्ट सीरीज और वैकल्पिक विषयों की तैयारी के लिए उन्हें निशुल्क शैक्षणिक सहायता और कक्षाएं उपलब्ध कराएंगे। जो विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ लेना चाहें, वे सोमवार, 5 अगस्त 2024 से हमारे करोल बाग स्थित कार्यालय में मौजूद सहायता डेस्क पर संपर्क कर सकते हैं।