शीतलहर और कोहरे के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं। महानगर में सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड से संबद्ध सभी स्कूलों में आठवीं क्लास तक के बच्चों की 31 दिसंबर तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
डीएम विमल कुमार शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रविवार शाम हुई बैठक के बाद इस बाबत निर्णय लिया। अब सोमवार से तीनों बोर्ड के स्कूलों में केवल नौवीं से 12वीं के स्टूडेंट्स की ही क्लासेज लगेंगी।
सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में केवल 29 से 31 दिसंबर तक ही पढ़ाई होनी थी। आठवीं क्लास तक के बच्चाें की छुट्टियां 31 दिसंबर तक बढ़ाए जाने के कारण उनके विंटर ब्रेक शुरू हो गए हैं।
अधिकांश प्राइवेट स्कूलों में एक से 10 जनवरी तक विंटर वेकेशन रहेंगे। कुछ स्कूलों में टेस्ट होने की वजह से उनके पांच या छह जनवरी के आसपास खुलने की संभावना है। बेसिक शिक्षा विभाग से जुडे़ जनपद के सभी स्कूलों में पहले से ही 10 जनवरी तक सर्दियों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
बीएसए प्रवेश कुमार यादव ने बताया कि अब जनपद के आठवीं तक के सभी स्कूलों की 31 दिसंबर तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
अब केवल यूपी बोर्ड से जुड़े स्कूलों में जनवरी के पहले हफ्ते में पढ़ाई होगी। प्रशासन की ओर से फिर छुट्टियां बढ़ाए जाने पर ही यूपी बोर्ड के कॉलेजों के विद्यार्थियों को राहत मिल सकती है।