दिल्ली से इंदिरापुरम, ग्रेटर नोएडा और हिंडन आने-जाने वाले लोग जल्द ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चला सकेंगे।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) गति सीमा को बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस को खत लिखने जा रहा है। अभी इस एक्सप्रेस वे लगे साइन बोर्ड के अनुसार, हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 70 किमी/घंटे और मालवाहक वाहनों के लिए 40 किमी/घंटा है।
गति सीमा को बढ़ाने से इस एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले उन लोगों को काफी राहत मिलेगी जो 60 किमी/घंटा से अधिक रफ्तार होने पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा ई-चालान भेजने की शिकायत करते रहते हैं। लोगों की शिकायतों को देखते हुए दिल्ली पुलिस के कल्याणपुरी सर्किल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने सितंबर में एनएचएआई को अधिकतम गति सीमा 60 किमी/घंटे के साइन बोर्ड लगाने के लिए पत्र लिखा था।
कुछ दिन बाद इस संबंध में फिर से पत्र भेजा था। नए मोटर वाहन अधिनियम के तहत तय सीमा से अधिक रफ्तार से गाड़ी चलाने पर जुर्माना 400 रुपये बढ़कर 5000 रुपये कर दिया गया है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर के खत के जवाब में एनएचएआई ने दिल्ली पुलिस को 13 सितंबर को पत्र लिखकर गति सीमा को 100-120 किमी करने को कहा था। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे को 120/100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने के लिए तैयार किया गया है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त को भेजा जाएगा खत
गाजियाबाद परियोजना कार्यान्वयन इकाई में परियोजना निदेशक/महाप्रबंधक (प्रौद्योगिकी) आरपी सिंह ने बताया कि जल्द दिल्ली पुलिस आयुक्त को इस संबंध में खत भेजा जाएगा। इसमें दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गति सीमा 70/50 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 120/100 किमी प्रति घंटा करने का सुझाव दिया जाएगा। यह पत्र दिल्ली स्थित एनएचएआई मुख्यालय से भेजा जाएगा। पिछले महीने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के तीसरे चरण के उद्घाटन के दौरान इस बारे में पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
82 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे दिल्ली को मेरठ से जोड़ेगा
82 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे दिल्ली को मेरठ से जोड़ता है। इस प्रोजेक्ट पर 8346 करोड़ रुपये की लागत आ सकती है। यह एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट चार पैकेज या चरण में पूरा किया जा रहा है। दिल्ली में सराय काले खान से गाजीपुर बार्डर तक 8.72 किमी लंबा छह लेन एक्सप्रेसवे/8 लेन एनएच 24 पहले चरण के तहत जून 2018 में पूरा हो चुका है।
गाजीपुर बार्डर से डासना तक 19.28 किमी लंबा लेन एक्सप्रेसवे/8 लेन एनएच 24 को दूसरे चरण के पूरा किया जाना है। इसका 60 फीसदी काम पूरा हो गया है। वहीं तीसरे चरण के तहत डासना से हापुड़ तक 22.23 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का पिछले हफ्ते उद्घाटन किया गया था। वहीं चौथे चरण के तहत हापुड़ से मेरठ तक 31.78 किमी लंबे एक्सप्रेसवे का 57 फीसदी काम पूरा हो चुका है।