क्या आपके पास गाड़ी है? क्या आपने उसपर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाया है? अगर लगवा लिया है तो ठीक है और नहीं लगवाया तो आपकी शामत है। नंबर प्लेट न लगवाने के लिए आपको जेल भी जाना पड़ सकता है।
जी हां, अगर आपने अब तक अपनी गाड़ी में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगवाया है तो सावधान हो जाइए। अब समय आ गया है कि आप ये 13 अक्तूबर से पहले करा लें। दरअसल परिवहन ने अगले माह से ऐसी गाड़ियों के खिलाफ अभियान चलाने की योजना बनाई है जिन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं हैं।
हालांकि बहुत घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि अभी आपके पास लगभग एक महीने का वक्त है। परिवहन विभाग ने इसके लिए 13 अक्तूबर की डेडलाइन तय की है और इससे पहले एक व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
परिवहन विभाग के अनुसार अगर 13 अक्तूबर के बाद भी आपकी गाड़ी पर हाई सिक्योरिटी फीचर्स वाले नंबर प्लेट नहीं होंगे तो आपको 500 रुपए जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके साथ ही 3 महीने के लिए जेल भी हो सकती है। वैसे बता दें कि दिल्ली में अब जिन गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हो रहा है उन्हें हाई सिक्यॉरिटी नंबर प्लेट ही मिल रहे हैं।
परिवहन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक विभाग ने पुरानी गाड़ियों का जो आकलन किया है उसके अनुसार 40 लाख पुरानी गाड़ियां ऐसी हैं जिनपर नंबर प्लेट नहीं हैं। इनमें कार के साथ ही दोपहिया वाहन भी शामिल हैं। नए नंबर प्लेट को हासिल करने की प्रक्रिया 2 अक्टूबर से शुरू हो होगी। अधिकारी के मुताबिक नए नंबर प्लेट देने के लिए अभी दिल्ली में 13 अधिकृत सेंटर हैं।