त्योहारी सीजन में वाहनों की बिक्री ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। हालांकि, पिछले साल इन दिनों में हुई बिक्री के मुकाबले यह कुछ कम है, लेकिन 10 दिन में वाहन बिक्री का ग्राफ चढ़ने लगा है। हुंडई, टाटा, किया की गाड़ियों के साथ दोपहिया की बिक्री में 10 फीसदी से अधिक इजाफा हो चुका है। दिवाली तक वाहनों की बिक्री की रफ्तार और बढ़ने की संभावना है। इससे डीलरों और उनके कर्मचारियों के चेहरों पर एक बार फिर खुशियां दिखने लगी हैं।
हुंडई के एक शोरूम के प्रबंधक ने बताया कि बिक्री में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। दिवाली तक इसमें और इजाफे की उम्मीद है। कंपनी की ओर से अलग-अलग मॉडल की कारों की खरीद पर डिस्काउंट ऑफर और एक्सचेंज बोनस दिए जा रहे हैं। बिक्री में इजाफे के बाद अब सेंट्रो की कुछ रंग की गाड़ियां ही उपलब्ध हैं।
सुजुकी मोटर्स, द्वारका के एक मैनेजर ने बताया कि कोरोना काल में संक्रमण से बचने के लिए लोग दोपहिया को अधिक अपना रहे हैं। बीएस-6 वाहनों की कीमत में इजाफा हुआ है, फिर भी बिक्री में 10 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। महावीर एन्क्लेव स्थित दीवान बजाज के एग्जीक्यूटिव ने बताया कि बिक्री में काफी बढ़ोतरी हो चुकी है। पिछले 10 दिन में रोज करीब 10 वाहनों की बिक्री हो रही है।