व्यापार और कर विभाग ने दूसरे राज्यों से दिल्ली में शनिवार को बिना उचित दस्तावेज के अवैध रूप से दिल्ली लाए जाने वाले आईफोन की बड़ी खेप पकड़ी है। इसमें 5 एस और 6 एस मॉडलों के 600 आईफोन हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। इसकी जानकारी वैट आयुक्त सज्जन सिंह यादव ने दी।
सज्जन सिंह यादव ने बताया कि यह खेप कुरियर कंपनी से सप्लाई की जा रही थी। इससे अवैध आयात के रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। यादव ने बताया कि इसके डीलर व कुरियर कंपनी पर सख्त कार्रवाई होगी।
सज्जन सिंह यादव ने बताया कि वैट विभाग ने अघोषित माल के प्रवेश को रोकने के लिए दिल्ली के प्रवेश द्वारों की निगरानी बढ़ा दी है। दिल्ली के प्रवेश द्वारों पर स्वचालित नंबर प्लेट पढ़ने वाले कैमरे लगाए गए हैं। इन स्वचालित नंबर प्लेट रीडर कैमरों को अघोषित माल लाने वाले वाहनों की जांच करने के लिए प्रवेश द्वारों पर लगाया गया है। साथ ही रेलवे स्टेशनों, प्रमुख बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी चौबीसों घंटे चौकसी रखी जा रही है।
सज्जन सिंह यादव के मुताबिक, विभाग की निगरानी टीमों ने दिल्ली में अघोषित सामान ले जाने वाले औसतन 20 वाहनों को हर दिन पकड़ा है। कर चोरी करने वाले व्यापारियों और ट्रांसपोर्टर दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वाहन को जब्त करने, कर की वसूली और जुर्माना सहित राजस्व वसूला जा रहा है। वैट विभाग ने कर चोरी करने वालों से चालू वित्त वर्ष में 50 करोड़ रुपये से अधिक का सामान बरामद किया है।