संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (जेएनयूएसयू) ने विश्वविद्यालय में भर्ती प्रक्रिया को लेकर सामने आई कथित अनियमितताओं पर गंभीर सवाल उठाए हैं। छात्रसंघ ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कुछ नियुक्तियों में योग्यता और पारदर्शिता के बजाय प्रशासनिक हस्तक्षेप और पक्षपात की भूमिका रही।
जेएनयूएसयू ने प्रेस क्लब में बृहस्पति पर प्रेस वार्ता में कहा कि छात्रसंघ ने शॉर्टलिस्ट में बदलाव, निर्वाचित कार्यकारी परिषद सदस्यों की आपत्तियों की अनदेखी और भर्ती से जुड़े दस्तावेजों में पारदर्शिता की कमी के आरोप भी लगाए हैं। छात्रसंघ ने कुलपति शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित को पद से हटाने, आईक्यूएसी निदेशक पीआर कुमारास्वामी को हटाकर उनके कार्यकाल में चल रही भर्तियों पर रोक लगाने की मांग की है। इसके साथ ही कुलपति के कार्यकाल में हुई फैकल्टी भर्तियों की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच तथा भर्ती रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की गई है। जेएनयूएसयू ने शिक्षा मंत्रालय और यूजीसी से मामले में जवाबदेही तय करने तथा विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, सामाजिक न्याय और अकादमिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने की अपील की है।