सुनपेड़ मामले के विरोध में चावला कॉलोनी के पास स्थित रविदास मंदिर सभागार में मंगलवार को बुलाई गई दलितों की महापंचायत हंगामे की भेंट चढ़ गई।
विभिन्न संगठनों की भाषणबाजी के चलते कोई एजेंडा तय नहीं हो पाया। लोग अपने-अपने संगठन की बड़ाई करने में मशगूल रहे। बार-बार अनुशासन बनाए रखने की चर्चा होती रही।
लेकिन कोई सुनने को राजी नहीं था। आखिर में 51 सदस्यीय कमेटी गठित कर पंचायत खत्म हो गई। रविदास मंदिर के सभागार में दलितों की महापंचायत बुलाई गई।
इसमें फरीदाबाद के अतिरिक्त दिल्ली, पलवल और मेवात जिले से संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। सुबह 10:30 बजे शुरू हुई महापंचायत बगैर किसी नतीजे के तीन बजे खत्म हो गई।