विश्व पुस्तक मेला समाप्ति की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते पाठकों को रिझाने के लिए डिस्काउंट की धूम शुरू हो चुकी है। देसी-विदेशी प्रकाशक पाठकों को 50 फीसदी तक की छूट के साथ एक के साथ एक फ्री का तोहफा भी दे रहे हैं।
छूट का लाभ पाने के लिए शुक्रवार को लगभग एक लाख दर्शकों ने दिलचस्पी दिखाई। विदेशी प्रकाशकों के स्टॉल में 5 से 25 फीसदी तक डिस्काउंट दिया जा रहा है, जबकि बच्चों की ज्ञानवर्द्धक किताबों पर 30 फीसदी तक की छूट मिल रही है।
हालांकि महिलाओं से संबंधित ब्यूटी, फैशन व किचन से संबंधित किताबों पर 20 फीसदी तक की छूट है। क्षेत्रीय भाषाओं के स्टॉल में प्रकाशक 50 फीसदी तो कई स्टॉल में एक के साथ एक पुस्तक देकर ग्राहकों को रिझा रहे हैं।
वहीं, धर्म के स्टॉल पर एक के साथ एक फ्री व छूट का भी लाभ दिया जा रहा है। कई स्टॉल के बाहर मात्र सौ रुपये में प्रति किताब के ऑफर बोर्ड भी देखने को मिल रहे हैं।
चिल्ड्रन कार्नर में सीडी, पैन ड्राइव में भी छूट
यूं तो मेले के हर पवेलियन में बच्चों पर आधारित पुस्तकें उपलब्ध हैं, लेकिन पवेलियन नंबर 7 पर सीडी, पैन ड्राइव, डीवीडी से लेकर किताबों में 30 फीसदी तक छूट दी जा रही है। यहां पर किताबों के अलावा कलर, बच्चों के खिलौनों में भी छूट दी जा रही है।