ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली परिसर में बृहस्पतिवार को दो होमगार्ड आपस में भिड़ गए। मामला खाने से जुड़ा हुआ था। उन्हें छुड़ाने के लिए सिपाहियों को मशक्कत करनी पड़ी तब जाकर मामला शांत हो सका। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, दनकौर कोतवाली क्षेत्र में काफी हद तक सुरक्षा व्यवस्था होमगार्डों के हवाले हैं, जिसके कारण दनकौर पुलिस ने उन्हें एक निजी कंपनी के गेस्ट हाउस में रखवा रखा है। यहां करीब 300 लोगों के रहने की जगह है, लेकिन वहां पर 600 से ज्यादा होमगार्ड रह रहे हैं।
अव्यवस्थाओं के कारण उनमें आए दिन विवाद होते रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह मेस में होमगार्ड खाना खा रहे थे। उसी समय बाहर से आए दो होमगार्डों में पहले खाना खाने को लेकर विवाद हो गया और कुछ ही देर में दोनों में जमकर मारपीट हुई।