नोएडा की सड़क पर लापरवाही बरतना ट्रैफिक पुलिस के एक दारोगा को भारी पड़ गया। यातायात नियम तोड़ते पकड़े जाने पर सरेआम इस दारोगा को फजीहत झेलनी पड़ी। अधिकारियों के निर्देश पर खुद ही अपना चालान भी काटना पड़ गया।
यातायात माह के नाम पर आम जनता को नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है, लेकिन सड़क के रखवाले खुद नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस का एक सब इंस्पेक्टर बृहस्पतिवार को ऐसा ही कारनामा करते पकड़ा गया।
दरअसल, शशि चौक पर ट्रैफिक सिग्नल के उद्घाटन का कार्यक्रम था। एसपी ट्रैफिक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर के अलावा तमाम पुलिसकर्मी इस मौके पर मौजूद थे। इतने में ही ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर विपिन राघव गलत दिशा में अपनी कार दौड़ाते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
मौके पर मीडियाकर्मी भी मौजूद थे। सरेआम नियम तोड़ने वाला सब इंस्पेक्टर पुलिस की फजीहत न करा दे, इसको ध्यान में रख अधिकारियों को सख्त रुख अपनाना पड़ा। सब इंस्पेक्टर को खुद अपना चालान काटने के निर्देश दिए गए। यातायात माह के तहत बृहस्पतिवार को 1634 वाहनों के चालान काटे गए।