बुलंदशहर के अरनिया क्षेत्र के मुनि सीएचसी से एक ऐसा लापरवाही का मामला सामने आ रहा है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दरअसल सीएचसी में एक घायल मरीज को ताले में बंद कर रात को चिकित्सक सीएचसी से चले गए थे और उसके परिजन रातभर भटकते रहे।
बुलंदशहर के खुर्जा के गांव नगला शेख निवासी कमल पुत्र राजकुमार शुक्रवार शाम अलीगढ़ से बाइक पर सवार होकर खुर्जा आ रहा था। रास्ते में अरनिया थाना क्षेत्र के गांव मुनि के निकट किसी वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर घायल के परिजन भी वहां पहुंच गए और चिकित्सकों से घायल के विषय में जानकारी ली।
जिस पर चिकित्सकों ने कमल के अस्पताल में नहीं होने की बात कहते हुए परिजनों को लौटा दिया। जिस कारण रात पर परिजन इधर-उधर भटकते रहे। शनिवार सुबह उन्हें मरीज मुनि सीएचसी पर ही मिला। परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।