यूपी के गाजियाबाद में टीला मोड़ थाना क्षेत्र के दिल्ली-वजीराबाद रोड पर भोपुरा चौक पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर हैं लेकिन धमाके के कारण फायर ब्रिगेड के कर्मचारी ट्रक तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सीएफओ राहुल कुमार ने बताया कि सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज आसपास के कई किलोमीटर तक सुनी गई।
वीडियो में धमाकों को सुना जा सकता है जिसे घटनास्थल से 2-3 किमी दूर से शूट किया गया था जहां भोपुरा चौक पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई थी। आग किस वजह से लगी अभी इस बात का पता नहीं लगा है अलबत्ता किसी जनहानि की खबर अब तक नहीं है। आग बुझाने की कोशिशें की जा रही हैं।
आग पर काबू
पार्षद ओम पाल भाटी का कहना है कि यह घटना सुबह करीब 3.30 बजे हुई और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और अग्निशमन टीमों ने आग पर काबू पा लिया।
होटल को नुकसान, जनता में दहशत
एक स्थानीय व्यक्ति ने दावा किया कि पास का होटल क्षतिग्रस्त हो गया है, शीशे टूट गए हैं। जनता में काफी दहशत है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सुबह करीब 4.35 बजे हमें एलपीजी सिलिंडर से लदे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने आसपास के घरों को खाली करा लिया। आग कई घरों तक फैल गई थी। 3 घरों और कुछ वाहनों में आग पूरी तरह से बुझ गई है।