दिल्ली में सोमवार को ढाई महीने बाद मॉल और शॉपिंग सेंटर फिर से खुले। लेकिन पहले दिन व्यापार मंदा ही रहा, केवल कुछ ही लोग खरीदारी करने और खाने के लिए बाहर निकले।
साकेत के सिलेक्ट सिटी वॉक के प्रवक्ता ने बताया कि शॉपिंग सेंटर ने प्रवेश द्वारों, डिजाइन और लेआउट में कुछ परिवर्तन किए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ नहीं होने दी जा रही है, ताकि सामाजिक दूरी बनाए रखने के मानदंडों का पालन किया जा सके ।
दिल्ली के प्रमुख मॉल में से एक साकेत के सिलेक्ट सिटी वॉक में अधिकांश दुकानें, कार्यालय और रेस्त्रां फिर से खुले, लेकिन शुरुआती घंटों में केवल कुछ ही लोग खरीदारी के लिए दुकानों में पहुंचे। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए इन क्षेत्रों में शारीरिक दूरी बनाए रखने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है, समय-समय पर सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।
कर्मचारियों को शरीर का तापमान मापने के बाद ही परिसर में आने दिया जा रहा है और मॉल में आने वाले सभी लोगों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है। मॉल के प्रवेश द्वार पर संपर्क रहित सैनिटाइजर डिस्पेंसर और एक सैनिटाइजेशन टनल स्थापित की गई है।
ज्यादातर दुकानों में फर्श पर स्टिकर चिपकाए गए हैं ताकि लोगों को शारीरिक दूरी बनाए रखने में मदद मिल सके और कर्मचारी मास्क, फेस शील्ड और दस्ताने पहने कर काम कर रहे हैं। लोगों से सामाजिक दूरी के मानदंड का पालन करने और हर समय मास्क पहने रहने का आग्रह करते हुए बार-बार घोषणाएं की जा रही हैं।
एक कर्मचारी ने बताया कि केवल उन लोगों को परिसर में प्रवेश करने की अनुमति दी जा रही है, जिनके मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु ऐप है। 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों और 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को प्रवेश से मना किया जा रहा है।
हालांकि, लाजपत नगर में 3सीएस मॉल में स्थित अधिकांश दुकानें और कार्यालय बंद रहे। जिन लोगों ने दो महीने के अंतराल के बाद अपनी दुकान फिर से खोलीं, उनका कहना है कि व्यापार बहुत कम हुआ है। एक लोकप्रिय फास्ट फूड रेस्त्रां के कर्मचारियों ने बताया कि पहले तीन घंटों में केवल चार ग्राहक ही पहुंचे।