दिल्ली छतरपुर मंदिर के अधिकारी सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए 8 जून को धार्मिक स्थल खोलने के लिए एहतियाती कदम उठा रहे हैं।
गौतमबुद्धनगर में 21 नए मामले, 29 डिस्चार्ज
गौतमबुद्धनगर में शनिवार को कोरोना वायरस के 21 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 29 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक जिले में 382 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। गौतमबुद्धनगर में 201 सक्रिय मामले हैं। कोरोना वायरस से अबतक जिले में 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी के साथ गौतमबुद्धनगर में कुल संक्रमितों की संख्या 591 हो गई है।
गाजियाबाद में 44 नए मरीज,एक की दिल्ली में मौत
जिले में कोरोना संक्रमित 44 मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से 33 सरकारी लैब से सैंपल भेजे गए थे। जबकि 11 मरीजों की जांच प्राइवेट लैब में हुई थी। 26 मरीजों को संक्रमण मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया है। जबकि लोनी में रहने वाले एक व्यक्ति की दिल्ली में मौत हो गई।
दिल्ली में 1320 नए मामले आए सामने
दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस के 1320 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 27654 हो गई है। राजधानी में शनिवार को 349 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। अबतक 10664 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अबतक 761 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अभी 16229 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली सरकार ने अस्पतालों को जारी किए निर्देश, कोरोना जांच रिपोर्ट के बिना भी मरीजों को करें भर्ती
दिल्ली सरकार ने एक आदेश जारी कर सभी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि कोई भी मरीज जिनमें कोरोना वायरस के लक्षण हैं या वे मध्यम और गंभीर परिस्थिति में हैं, उनको इस आधार पर भर्ती करने से मना नहीं किया जा सकता की उनके पास कोरोना जांच रिपोर्ट नहीं है।
डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में सुबह 9 से 5 बजे तक होगी जांच
रविवार से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में कोरोना वायरस जांच केंद्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेगा।
बुलंदशहर में कोरोना वायरस के 9 नए मामले
सिकंदराबाद में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहै हैं। जिले में अब पांच और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। खुर्जा में पूर्व में पॉजिटिव के संपर्क में आने पर एक और संक्रमित पाया गया है। गुलावठी क्षेत्र में सब्जी विक्रेता के पुत्र में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इसी के साथ गुलावठी में दोनो पॉजिटिव बहनों का चाचा संक्रमित पाया गया है। नगर के कालाआम चौराहे पर नोएडा से आए एक युवक की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।जनपद में अब तक 179 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। जबकि पांच लोगों की मौत हो चुकी है। 101 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैैं और 73 लोगों का उपचार चल रहा है।
दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की कोरोना वायरस से मौत
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि तीन जून को सफदरजंग अस्पताल में एक कांस्टेबल की मौत के बाद उनमें कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। कांस्टेबल नंवबर 2019 से चिकित्सा के लिए छुट्टी पर थे।
गाजियाबाद: 86 सैंपलों की आई रिपोर्ट, 6 पॉजिटिव
गाजियाबाद में 86 सैंपलों की रिपोर्ट आ गयी है, इसमें से 6 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 391 हो गई है। शनिवार को ट्रू नॉट मशीन जिला एमएमजी अस्पताल में स्टॉल कर दी गई। अब सोमवार से कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच शुरु हो जाएगी।
दिल्लीः ईडी मुख्यालय के पांच कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव, इमारत हुई सील
दिल्ली के खान मार्केट स्थित लोक नायक भवन में प्रवर्तन निदेशालय का मुख्यालय है, जिसमें काम करने वाले पांच कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसी के चलते यह इमारत शुक्रवार को सील कर दी गई थी और इसे सैनिटाइज भी किया गया। यह भवन रविवार तक के लिए सील है।
दिल्ली की सीमाओं पर आज भी हो रही चेकिंग
दिल्ली की तमाम सीमाओं पर आज भी चेकिंग हो रही है। चेकिंग के दौरान लोगों का पास और पहचान पत्र देखा जा रहा है जिसके बाद ही उन्हें आने-जाने दिया जा रहा है। इसी के चलते आज भी सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी है।
मंदिरों में साफ-सफाई पूरी, खोलने को लेकर आज आएगा फैसला
दिल्ली के मंदिरों को खोला जाएगा या नहीं इसको लेकर आज फैसला आएगा, हालांकि मंदिरों ने अपनी तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के सभी प्रमुख मंदिरों की साफ-सफाई हो चुकी है। झंडेवालान मंदिर के पुजारी ने बताया कि सामाजिक दूरी का पालन होगा, सभी घंटियों को पैक कर दिया गया है। मंदिर में कोई भी प्रसाद या फूलमाला नहीं ला सकेगा। भक्तों के लिए मिश्री का प्रसाद पाउच में पैक रहेगा और उन्हें बाहर दिया जाएगा।