वहीं राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने कहा कि इस तरह के आयोजन ब्रांड इंडिया को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में मदद करते हैं। उन्होंने मेले में एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के विचार की भी प्रशंसा की।
इन देशों के स्टॉल भी मिलेंगे देखने को
39 वें अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, बांग्लादेश, भूटान, चीन, मिस्र, इथोपिया, हांगकांग, इंडोनेशिया, ईरान, म्यांमार, नेपाल, कतर, तिब्बत, थाईलैंड, ट्यूनीशिया, ताइवान, तुर्की, ब्रिटेन और वियतनाम सहित अन्य देश हिस्सा ले रहे हैं।
मेले में 7 से 12 नंबर के हॉल में ये हैं प्रदर्शन
हॉल सात से 12 तक कई मंत्रालयों की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई गई हैं। हॉल सात में लघु एवं मझोले उद्यम मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की प्रदर्शनी है। वहीं हॉल आठ में आयकर निदेशालय, हॉल नौ और 10 में विदेश भागीदार भारतीय रिजर्व बैंक, हॉल 11 में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, 12 एवं 12 ए में केंद्र शासित राज्य एवं प्रदेश मंडप, महात्मा गांधी के जन्म के 150 वर्ष पर विशेष प्रस्तुति इत्यादि देखने को मिलेगी।
मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को ही दिल्ली पवेलियन का उद्घाटन किया। यहां दिल्ली सरकार की ओर से मोहल्ला क्लीनिक की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इसे बढ़ावा दिया गया है। पवेलियन देखने वालों की मोहल्ला क्लीनिक में निशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बिहार, झारखंड, ओड़िशा सहित तमाम राज्यों की ओर से भी अपने अपने यहां की विशेषताओं को बताने के लिए पवेलियन लगाए हैं।
मेले में खूब दिखे मास्क वाले चेहरे
दिल्ली की आबोहवा में घुला प्रदूषण जहां लोगों को बीमार कर रहा है। वहीं व्यापार मेले के पहले दिन जहरीली हवा से बचने के लिए मास्क वाले चेहरे भी खूब नजर आए। हालांकि अभी यह मेला केवल व्यापारी वर्ग के लिए खुला है। इसलिए यहां आगुंतकों की भीड़ ज्यादा नहीं है लेकिन बावजूद इसके गुरुवार को काफी लोग सांस लेने में तकलीफ की शिकायत कर रहे थे।