सरकार ने दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी से उसको मिले विदेश चंदों का ब्यौरा मांगा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय एक अधिकारी ने कहा कि सरकार को संदेह है कि आप को मिले विदेशी चंदे में फॉरेन कॉन्ट्रिब्यूशन रेगुलेशन एक्ट (एफसीआरए) का उल्लंघन हो सकता है। केंद्र के इस कदम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी ने इसे ‘राजनीतिक उत्पीड़न’ बताया है।
शुक्रवार को विदेशी सहायता नियमन कानून 2010 एफसीआरए के तहत जारी नोटिस में पार्टी को बताना है कि किन-किन देशों से उसे चंदा मिला है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी को चंदे से संबंधित जानकारी देने के लिए 16 मई तक का समय दिया गया है।
पार्टी को विदेशी दानदाताओं कंपनी और अंशधारकों की सूची और धनराशि की भी जानकारी देनी होगी। इसके साथ ही कंपनी के शेयर होल्डर्स और इसके फॉरेन इक्विटी की जानकारी भी मांगी गई है।