पहले चरण में हुए पंजीकरण में 1,42,733 ने कराया पंजीकरण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए जारी ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया के तहत पहले पंजीकरण चरण में अब तक 1,42,733 उम्मीदवारों ने अपना पंजीकरण करा लिया है। जबकि इनमें से 43,547 ने पंजीकरण के दूसरे चरण कॉलेज और कोर्स का चयन कर लिया है। दोनों चरणों के तहत पंजीकरण 11 जुलाई तक कराया जा सकता है। ऐसे में आवेदन का आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है।
पंजीकरण का दूसरा चरण तीन जुलाई से शुरू हो चुका है। जबकि पहला चरण 26 जून से शुरू हुआ है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद 10 जुलाई से सुबह 10 बजे से उम्मीदवारों को अपने आवेदन में सुधार करने का अवसर मिलेगा, वह 11 जुलाई तक सुधार कर सकेंगे। सभी आवेदनों के आधार पर 12 जुलाई को सिम्युलेटेड रैंक (संभावित) जारी की जाएगी, जिससे उम्मीदवारों को अपनी दाखिले की संभावित स्थिति का अंदाजा लग सकेगा।
विश्वविद्यालय का कहना है कि उम्मीदवार अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही आवेदन भरने के बाद कॉलेज और कोर्स का चयन तथा सभी दस्तावेजों का सत्यापन सावधानीपूर्वक कर लें ताकि बाद में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सिम्युलेटेड रैंक जारी होने के बाद उम्मीदवारों को अपनी पसंद (कॉलेज और कोर्स) में आवश्यक बदलाव करने का अवसर भी मिल सकता है। इसके बाद ही अंतिम मेरिट सूची और सीट आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
डीयू प्रशासन का कहना है कि शुरुआती दिनों की तुलना में आखिरी सप्ताह में आवेदन का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में अंतिम समय में तकनीकी समस्या से बचने के लिए विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन पूरा कर लेना चाहिए। अभी फिलहाल डीयू ने दो राउंड के लिए दाखिला शेड्यूल जारी किया है। सीटें खाली रहने पर आगे शेड्यूल को जारी किया जाएगा।