दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार तिगड़ी में रहने वाली एक महिला ने 12 अप्रैल को तिगड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 12 वर्षीय बेटी 10 अप्रैल से गायब है। अपहरण का मामला दर्जकर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने बालिका को बरामद कर लिया। मेडिकल जांच के दौरान बालिका ने आरोप लगाया है कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराते हुए बालिका ने कहा कि उसकी सहेली का नाबालिग भाई उससे बाजार में 10 अप्रैल को मिला। यहां बहाने से वह उसे देवली गांव के एक मकान में ले गया। यहां नाबालिग और उसके मामा मो. साजिद उर्फ रोहित ने उससे दुष्कर्म किया।
मामले में तिगड़ी थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाने व पोक्सो आदि की धाराएं जोड़कर इंस्पेक्टर सुमित कुमार व इंस्पेक्टर दीपक दहिया की देखरेख में एसआई राकेश, हवलदार कृष्ण व हवलदार राजेंद्र की टीम ने जांच शुरू की। इंस्पेक्टर सुमित कुमार ने खुद 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आखिरकार टीम ने मो. साजिद को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूछताछ के बाद नाबालिग को भी पकड़ लिया।
नई सिम से लोकेशन हुई ट्रेस
पुलिस टीम को जांच में पता लगा कि आरोपी साजिद ने वारदात से पहले ही एक नया सिम लिया था। इसे पुराने मोबाइल में डाल लिया था। इससे पुलिस ने मोबाइल की आईएमईआई पता कर लोकेशन ट्रेस कर कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी मो. साजिद (27) गांव सामकोला जिला बुलंदशहर यूपी का निवासी है। इसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।