होलंबीकलां फाटक और समयपुर बादली रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर मिले शव
पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस शवों की शिनाख्त में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में दो अलग-अलग जगहों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। होलंबीकलां फाटक और समयपुर बादली रेलवे स्टेशन के पास दोनों का शव ट्रैक पर क्षत विक्षत हालत में मिला। मरने वालों के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला है। इस कारण इनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह पुलिस को होलंबीकलां रेलवे स्टेशन के पोल नंबर 21/20 के पास ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही सब्जी मंडी रेलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उन्हें मौके पर करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिला। उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला। इस कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई।
वहीं, दूसरी घटना में पुलिस को शुक्रवार दोपहर समयपुर बादली रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 12/13 के पास ट्रैक पर एक शख्स का शव पड़े होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही सब्जी मंडी रेलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक के बीच में 35 साल के व्यक्ति का शव पड़ा था। शव पूरी तरह से क्षत विक्षत हालत में था। उसके पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि हादसे में दोनों की मौत हुई है। फिलहाल शवों की शिनाख्त के लिए आस पास के इलाके में रहने वालों से पूछताछ कर रही है।