फरीदाबाद का एक व्यक्ति दूध की डेयरी की आड़ में अवैध शराब की सप्लाई करता था। लोगों को दिखाने के लिए तो दूध की डेयरी चलाता था मगर वह अवैध शराब की सप्लाई करता था। पुलिस ने दूध डेयरी मालिक को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी महिंद्रा की जायलो कार में अवैध शराब की सप्लाई करते थे। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि जिले के ऑपरेशन सेल एसीपी केपी सिंह को एक फरवरी को सूचना मिली थी कि सूरजकुंड बॉर्डर के जरिए फरीदाबाद से दिल्ली में अवैध शराब आ रही है।
सूचना के बाद करणी सिंह शूटिंग रेंज के पास घेराबंदी कर पिकेट चेकिंग शुरू की गई। पुलिस ने चेङ्क्षकग के दौरान कार ड्राइवर संतोष सोनी और उसके साथी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी जायलो कार से अवैध शराब के12 कॉर्टन बरामद किए गए।
पोछोला मोहल्ला, गांव अनंगपुर, फरीदाबाद निवासी सुनील कुमार(42) गांव में ही दूध की डेयरी चलाता है। दूध की डेयरी को वह दिखाने के लिए चलाता था। वह शराब तस्करी करने वाले इस गिरोह का सरगना है।
उसने अवैध शराब तस्करी के लिए कई ड्राइवर किराए पर रखे हुए थे। संतोश सोनी(23) को उसने ड्राइवर रखा हुआ था। बाद में संतोष सोनी शराब तस्करी के गोरखधंधे में शामिल हो गया था।
दोनों कई महीनों से अवैध शराब की तस्करी कर रहे थे। सुनील कुमार ने अवैध शराब को रखने के लिए फरीदाबाद में गोदाम बना रखा था। सुनील कुमार के बेटे की पांच फरवरी को शादी होनी है।
ऑटो से करते थे अवैध शराब की सप्लाई
बदरपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर दो शराब तस्कर सोनू कुमार(19) और सतीश(32) को गिरफ्तार किया है। ये ऑटो से शराब की तस्करी करते थे। ऑटो से 14 कॉर्टन अवैध शराब बरामद की गई है। ये फरीदाबाद से अवैध शराब लाते थे और दिल्ली के क्लस्टर एरिया में सप्लाई करते थे।