गुरुग्राम पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तस्करी कर रहे दो ट्रक ड्राइवरों को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक से भारी मात्रा में 2 हजार 2 सौ तेइस (2223) किलोग्राम गांजा बरामद कर लिया है। गुड़गांव पुलिस ने इसकी जानकारी दी है। मादक पदार्थों की तस्करी आम बात हो गई है। हालांकि, पुलिस की टीम तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
वहीं तीन दिन पहले कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार की रात को पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी थी। यह गांजा कंटेनर में रेडीमेड कपड़ों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई।
हाईवे पर चेकिंग लगाकर टीम ने एक कंटेनर को रोक कर तलाशी ली तो रेडीमेड कपड़ों के बीच छिपाए गए गांजे के 64 पैकेट बरामद हुए। बरामद माल करीब तीन क्विंटल 20 किलो था। पुलिस ने कंटेनर चालक वीरेंद्र उर्फ जितेंद्र पुत्र राम बहादुर निवासी परतासपुर थाना बिथरी चैनपुर जिला बरेली को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में चालक ने कबूला कि विशाखापट्नम से रेडीमेड का भाड़ा लादा था। उसके बाद उड़ीसा के भुवनेश्वर के एक जंगल में कंटेनर लेकर पहुंचा था। जहां से गांजा कंटेनर में लोड हुआ। गांजा हरियाणा पहुंचाना था। माल पहुंचाने पर उसे 20 हजार रुपये मिलते।