स्पाइसजेट के एक विमान में दो उपद्रवी यात्रियों ने विमान के कॉकपिट में सोमवार को जबरन घुसने का प्रयास किया। जिसके बाद दोनों यात्रियों को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतारकर सीआईएसएफ को सौंप दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी 9282, जिसे मुंबई जाना था। उसमें दो यात्रियों ने कॉकपिट के पास जबरन जाने की कोशिश की और विमान की गतिविधियों में व्यवधान पैदा किया। केबिन क्रू, साथी यात्रियों और कैप्टन के बार-बार अनुरोध के बावजूद, दोनों यात्रियों ने अपनी सीटों पर लौटने से इनकार कर दिया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कैप्टन ने विमान को वापस गेट पर लाने का निर्णय लिया। जिसके बाद दोनों यात्रियों को विमान से उतार लिया गया और बाद में उन्हें सीआईएसएफ को सौंप दिया गया। विमानों की उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार24.कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फ्लाइट को दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना होना था, वह शाम सात बजकर 21 मिनट पर रवाना हुई।