दिल्ली के खजूरी खास में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने बीच सड़क पर दो बहनों की जमकर पिटाई की। इस दौरान दोनों बहन मदद की गुहार लगाती रहीं, लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में मंगलवार सुबह एक युवक ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो बहनों पर हमला कर दिया। आरोपी ने दोनों बहनों को बुरी तरह पीटा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़िता मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया।
विज्ञापन
23 वर्षीय एमबीए छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट, छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने कुलदीप उर्फ बॉक्सर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता परिवार के साथ खजूरी खास इलाके में रहती है। वह दिल्ली के एक संस्थान से एमबीए कर रही है। सुबह उसकी बहन का विज्ञान का पेपर था। पीड़िता उसे लेकर परीक्षा केंद्र जा रही थी। रास्ते में एक युवक मिला और पीड़िता के साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर बदसलूकी पर उतर आया और मारपीट शुरू कर दी। छोटी बहन बचाने आई तो आरोपी ने उसे भी नहीं छोड़ा। इस दौरान लोगों की भीड़ जुटी रही।
विज्ञापन
पीड़िता मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन सब तमाशबीन बने रहे। आरोपी युवती की पिटाई कर वहां से चला गया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़िता ने बताया कि पिछले चार-पांच दिन से युवक उसका पीछा कर परेशान कर रहा था।