क्षेत्र में बच्चा चोर गिरोह के घूमने की अफवाह के बीच सुतियाना गांव में 11 साल की किशोरी के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर बुरी तरह पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है। आरोपियों की पहचान नोएडा सेक्टर-117 निवासी राममिलन और सेक्टर-78 निवासी बादली कृष्ण कुमार सिंह के रूप में हुई है।
मूलरूप से हमीरपुर निवासी अनीता पत्नी ज्ञानेंद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में कहा है कि वह सुतियाना गांव में किराये पर रहती हैं। शुक्रवार शाम अनिता की 11 वर्ष की बेटी मानसी और अन्य बच्चे घर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान दो लोग उनके पास आकर बैठ गए और खिलौने देकर बहलाने फुसलाने लगे। आरोप है कि तभी आरोपियों ने मानसी को अपनी स्कूटी पर बैठा लिया।
अनीता मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। अनिता के शोर मचाने पर लोग वहां जमा हो गए। लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर बुरी तरह पीटा। सूचना मिलने पर ईकोटेक-3 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। मामले में अंकिता पत्नी लक्ष्मीनारायण, शीतल आदि ने भी शिकायत की है।
तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह पास में ही काम करते हैं और उन पर झूठा आरोप लगाया गया है।