गाजियाबाद के सेक्टर-23 संजयनगर में शुक्रवार रात करीब साढ़े 12.30 बजे एक कमरे में आग लगने से बंटी (28) और रवि (30) नामक युवक जिंदा जल गए, जबकि तीसरा युवक नरेश गंभीर रूप से झुलस गया।
आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। देर रात तक पुलिस युवकों के परिजनों का पता लगा रही थी। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-23 संजयनगर स्थित ज्वेलरी शॉप के ऊपर एक कमरे में रोहित, बंटी किराए पर रहकर फैक्ट्रियों और अन्य संस्थानों में क्लीनिंग का काम करते थे।
लोगों ने बताया कि कि देर रात उनका एक मित्र नरेश भी इनसे मिलने पहुंचा था। इसी दौरान रात 12.30 पर अचानक कमरे में आग लग गई। इस दौरान वहां पर लोगों का हुजूम लग गया। आग की लपटे देखकर जब तक लोग मदद के लिए पहुंचते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।
12.30 बजे लगी आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि आग बुझाने के दौरान बंटी और रोहित के शव पड़े मिले।
तीसरा साथी नरेश गैलरी में गंभीर रूप से झुलसा हुआ पाया गया है। बताया जा कहा है कि मरने वाले दोनों युवक मेरठ क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने नरेश को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है।