बुलंदशहर जिले में दस रुपये उधारी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस तहरीर के आधार पर चांज कर रही है।
खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के ढोरी मोहल्ले में दस रुपये उधारी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें चाय दुकानदार ने दूसरे पक्ष पर उधार रुपये नहीं देने का आरोप लगाया तो दूसरे पक्ष ने गर्म चाय फेंकने की शिकायत दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
ढोरी मोहल्ला स्थित चाय की दुकान करने वाले भोला का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले युवक पर उसके दस रुपये उधार थे। जब रुपये मांगे गए तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और दुकान बंद करने की धमकी दी। विरोध करने पर युवक ने उससे मारपीट शुरू कर दी।
वहीं, दूसरी तरफ से मोहल्ला सराय नसरुल्ला खां निवासी चेतन मीणा का कहना है कि बृहस्पतिवार दोपहर को वह अपनी बेटी व बेटे के साथ ढोरी मोहल्ले से होकर गुजर रहे थे, तभी चाय की दुकान करने वाले युवक ने उनके ऊपर गर्म चाय डाल दी, जिसका उसने विरोध किया। दुकानदार ने मारपीट शुरू कर दी। सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। इसमें जांच की जा रही है।