बुलंदशहर देहात कोतवाली के गांव पौंडरी निवासी तेजवीर सिंह शनिवार को अपने परिजनों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों समेत करीब 40 लोगों के साथ अपनी बहन की ससुराल गांव अतराड़े हापुड़ चाव देने जा रहे थे। सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे। गांव कुड़वल बनारस के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच टूट गई, जिससे ट्रैक्टर आगे निकल गया और ट्रॉली भी करीब 50 मीटर तक सड़क से खिसकते हुए चली गई। हादसे में ट्रॉली सवार 27 लोग घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल एक महिला कृष्णा को हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।
तेजवीर सिंह ने बताया कि उनकी एक बहन की ससुराल गांव अतराड़े जनपद हापुड़ में है। शनिवार को वह अपनी बहन के घर चाव देने के लिए जा रहे थे। वह घर से परिवार व आस पड़ोस के करीब 40 महिला व पुरुषों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर निकले थे। जैसे ही ट्रैक्टर गांव कुड़वल बनारस के निकट पहुंचा तो ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच टूट गई, जिससे ट्रैक्टर आगे घिसटता हुआ चला गया, जबकि ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर घिसटती हुई चली गई।
हादसे में गांव निवासी महिला कृष्णा गंभीर रुप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। जबकि, घायल मंजू, शिवान्या, अंगूरी, रज्जो, पुष्पा, प्रिया, गुड्डी, पूजा, अनीता, सीमा, अंजली, शशि, रिया, रानी, सावित्री, रीना, पुष्पा, मालती, बीना, सुनीता, संतोष, लक्ष्मी, बुलबुल, मंजू और सुनीता को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।