देश की राजधानी में रामलीला के दौरान बिजली कटने के बाद गायब हुई बच्ची के साथ गैंगरेप करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दक्षिण पूर्वी जिले के संयुक्त पुलिस कमीश्नर दीपेंद्र पाठक ने बताया कि दोनों नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है। जबकि पीड़ित बच्ची के बारे में उन्होंने बताया कि उसकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। 24 घंटे में उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है।
बता दें कि बच्ची के घर से कुछ दूर 15 फुटा गली के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे ने आरोपियों का सुराग दिया था। फुटेज में देखा गया कि बाइक सवार दो युवक बच्ची को अपने साथ ले जा रहे हैं। बच्ची बाइक पर युवकों के बीच बैठी हुई थी।
अपहरणकर्ताओं की बाइक की नंबर प्लेट से दो डिजिट गायब होने की वजह से पुलिस को जांच में दिक्कत आ रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे के जरिये पुलिस ने आरोपियों की बाइक के नंबर की जांच की।
जिसमें पुलिस को नंबर के आगे के दो डिजिट गायब मिले। पुलिस ने आशंका थी कि आरोपी आसपास के रहने वाले हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस ने डोर टू डोर अभियान चलाया था।
जनरेटर का तेल खत्म होने पर गई बिजली
जिस दौरान आरोपियों ने बच्ची को अगवा किया। उस दौरान उसके घर के पास चल रही रामलीला में लगे जनरेटर का तेल खत्म हो गया था। इसकी वजह से अचानक लाइट चली गई।
15 मिनट में जब तक उसे दोबारा चालू किया गया, तब तक बच्ची अगवा हो चुकी थी। बच्ची के रिश्तेदार ने बताया कि गली में लगी स्ट्रीट लाइट खराब हैं।
रामलीला होने की वजह से यहां रोशनी की व्यवस्था की गई है। जनरेटर के बंद होने के बाद अचानक गली में अंधेरा छा गया, जिसका आरोपियों ने फायदा उठाया।
घर के बाहर से अगवा कर ले गए बच्ची
निहाल विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो युवकों ने ढाई साल की बच्ची को अगवा कर उससे गैंगरेप किया। बताया गया है कि बच्ची घर के बाहर दादी के साथ खड़ी थी। इसी दौरान बिजली जाने के बाद बच्ची गायब हो गई।
काफी तलाश के बाद वह एक पार्क में लहूलुहान अवस्था में मिली। उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
निहाल विहार इलाके में रहने वाली बच्ची का पिता नमकीन बनाने वाली एक कंपनी में काम करता है। परिवार वालों के मुताबिक घर के पास श्रीराम लीला कमेटी की ओर से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है।
रात करीब 11:30 बजे बच्ची 70 वर्षीय दादी के साथ घर के बाहर खड़ी थी। इस दौरान बिजली चली गई। बच्ची दादी से हाथ छुड़ाकर गली की ओर भागी। दादी ने पीछा किया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से बच्ची नहीं मिली। बुजुर्ग महिला ने अपने बेटों को इसकी जानकारी दी।