लाजपत नगर इलाके में दो लोगों पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार सुबह जमकर हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद एक युवक भाग खड़ा हुआ, जबकि दूसरे को पकड़कर कार्यकर्ताओं ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि लाजपत नगर डी ब्लॉक में कुछ युवक लोगों का जबरन धर्म परिवर्तन करा रहे हैं।
इसके बाद दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा तथा नारेबाजी करनी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही एक युवक वहां से भाग खड़ा हुआ, जबकि दूसरे को उन्होंने दबोच लिया।
दल के संयोजक पिंकी चौधरी का आरोप है कि दोनों युवक लोगों को बरगलाकर उन्हें ईसाई धर्म स्वीकार कराना चाहते थे। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
आरोपी युवक ने बताया कि वह सिर्फ ईसाई धर्म का प्रचार कर रहे थे। उन्हाेंने धर्म परिवर्तन की कोशिश नहीं की। एसएचओ साहिबाबाद उपेंद्र यादव ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। शुरूआती जांच में उसके खिलाफ जबरन धर्म परिवर्तन कराने का कोई सबूत नहीं मिला है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।