द्वारका साउथ इलाके में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से सेवानिवृत्त अधिकारी के यहां चोरी का मामला सामने आया है। बदमाश उनके नौकर को नशीला पदार्थ पिलाकर दो लाख रुपये और लाइसेंसी पिस्टल ले उड़े। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेवानिवृत्त आईएएस विजय कुमार सिंह ने बताया है कि वह द्वारका सेक्टर सात स्थित मेघदूत अपार्टमेंट में रहते हैं। गत 26 सितंबर को वह अपने परिवार के साथ पुणे गए थे। फ्लैट की देखभाल उनका नौकर जितेंद्र कुमार साव कर रहा था।
27 सितंबर की सुबह जितेंद्र ने फोन कर फ्लैट में चोरी होने की सूचना दी। उसने बताया कि 26 सितंबर की रात उसके दो दोस्त फ्लैट में आए थे। तीनों ने वहीं बैठकर शराब की। कुछ देर बाद जितेंद्र के सिर में दर्द होने लगा। इस पर उसके दोस्तों ने एक गोली दी, जिसे खाते ही जितेंद्र बेसुध हो गया।
अगले दिन सुबह उसकी नींद खुली तो दोनों दोस्त गायब थे। जितेंद्र ने अलमारी खोलकर देखी तो तिजोरी से करीब दो लाख रुपये और लाइसेंसी पिस्टल गायब थी। विजय कुमार सिंह अपने बेटे के साथ 28 सितंबर को दिल्ली पहुंचे और पुलिस को चोरी की शिकायत दी।
शुरुआती जांच में पता चला है कि जिन लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है वह पहले इसी सोसाइटी में ड्राइवर थे। तभी से उनकी जितेंद्र से जान पहचान थी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।