फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खूनी बनी ये निर्माणधीन बिल्डिंग, एक ही दिन 2 मजदूरों की मौत

Sat, 07 Jul 2018 11:39 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन

बिसरख कोतवाली क्षेत्र की गौड़ सिटी-1 में निर्माणाधीन साइट पर दो मजदूरों की शुक्रवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस के 24 घंटे बाद मौत की सूचना दी गई। पुलिस ने 7वीं मंजिल पर काम करने के दौरान पैर फिसलने से निर्माणाधीन लिफ्ट के शाफ्ट में गिरने से मजदूरों की मौत का अंदेशा जताया है। वहीं बिल्डर की ओर से कहा गया है कि दोनों मजदूर आपस में लड़ते वक्त संतुलन खोने की वजह से नीचे गिर गए थे। निर्माणाधीन साइट पर कुछ मजदूरों ने बिल्डर और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा भी किया।

विज्ञापन

 
बिसरख कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि बिहार के कटिहार जिला निवासी साजिद (22) और जावेद (27) गौड़ सिटी-1 के 7 एवेन्यू सोसायटी में निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे थे। शनिवार को दोनों के शव लिफ्ट के लिए बनाए गए शाफ्ट में पड़े मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।

मौके पर जाकर पड़ताल की गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस ने अंदेशा जताया है कि पैर फिसलने से दोनों मजदूर शाफ्ट में गिर गए। शाफ्ट में जाली नहीं लगी थी, अगर जाली लगी होती तो दोनों मजदूर नहीं गिरते। कुछ मजदूरों ने भी सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया लेकिन पुलिस ने कोई शिकायत नहीं मिलने की बात कही है।  
विज्ञापन


गौड़ ग्रुप मीडिया प्रभारी अनिकेत तिवारी ने कहा कि मुझे दूसरे मजदूरों से पता चला कि दोनों मजूदरों का आपस में झगड़ा था। लड़ते हुए ही दोनों ने संतुलन खो दिया और नीचे गिरने से उनकी मौत हो गई। निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा के सभी उपकरण मौजूद हैं। 

उठ रहे ये सवाल 
- जब मजदूर लड़ रहे थे तो उन्हें किसी ने रोका क्यों नहीं? 
- साइट पर सुरक्षा संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी थीं तो लिफ्ट की शाफ्ट में मजदूर कैसे गिर गए?  
- जब मजदूरों को लड़ते और गिरते हुए देखा गया तो तुरंत पुलिस को सूचना देने में देरी क्यों की गई ?

लापरवाही से हो चुकी है बच्चे की मौत  
बिसरख कोतवाली क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पहले भी किसी मजदूर या नागरिक की मौत के बाद बिल्डर व ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। हाल ही में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सुपरटेक ईको विलेज सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे मजदूर दंपती के छह साल के बेटे की भी इसी तरह 12वीं मंजिल से गिरकर मौत हुई थी। मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें