दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने विदेशी करेंसी के साथ दो विदेशी नागरिकों समेत चार लोगों को पकड़ा है। नागरिकों के पास से करीब 1.34 करोड़ रुपये कीमत की विदेशी करेंसी बरामद हुई है। आरोपियों को कस्टम विभाग के हवाले कर दिया गया है।
कस्टम विभाग के अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। सीआईएसएफ के प्रवक्ता हेमेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे सीआईएसएफ की सर्विलांस टीम ने एयरपोर्ट पर दो विदेशी नागरिकों को संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा।
शक होने पर दोनों को हिरासत में लेकर जांच की तो उनके बैग से 31 हजार यूएस डॉलर मिले। इसकी भारतीय रुपये में कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है। विदेशी करेंसी को नागरिकों ने कपड़ों के बीच छुपाकर रखा था। पकड़े गए विदेशी नागरिकों की पहचान अफगान निवासी अब्दुल और जफर के रूप में हुई। दोनों काबुल जाने के लिए एयरपोर्ट पर आए थे।
वहीं दूसरे मामले में बृहस्पतिवार रात करीब पौने ग्यारह बजे सीआईएसएफ कर्मियों ने विदेश जा रहे एक भारतीय नागरिक को पकड़ा। उसके बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 1.19 लाख यूरो और दो हजार यूएस डॉलर मिले। इसकी कीमत भारतीय रुपये में 96 लाख रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई। वह बैंकाक जाने के लिए एयरपोर्ट पर आया था। वहीं शुक्रवार सुबह सीआईएसएफ कर्मियों ने एयरपोर्ट से एक अन्य भारतीय नागरिक को पकड़ा। इसके बैग से 8 हजार यूएस डॉलर, 35 सौ कुवैती दिनार, 25 सौ सऊदी रियाल और 725 ओमानी रियाल मिले। आरोपी यात्री की पहचान भारतीय नागरिक हबीबुल्लाह के रूप में हुई। वह दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पर आया था।