घायलों की पहचान शमा अल्वी, उसकी बड़ी बहन आसमां और मां प्रवीण के रूप में हुई है। वहीं दूसरे पक्ष के घायलों की पहचान अजीत त्यागी, विजेंद्र राणा और ताराचंद के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 5 मार्च की है। सुबह साढ़े आठ बजे कादीपुर में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि मारपीट में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया है।
अस्पताल पहुंचकर घायलों से पूछताछ की। शमा ने पुलिस को बताया कि वह मूलत: बड़ौत, बागपत की रहने वाली है। 18 फरवरी को वह ससुराल से कादीपुर में रहने वाली अपनी मां प्रवीण के पास आई हुई थी। 5 मार्च की सुबह शोर सुनकर घर से बाहर निकली।
उसने पड़ोस में रहने वाले ताराचंद और अजीत को प्लॉट में गोबर फेंकने को लेकर उसकी मां के साथ गाली गलौज करते हुए देखा। वह वीडियो बनाने लगी, तभी ताराचंद उससे मोबाइल छीनने लगा। विरोध करने पर उसने पिटाई शुरू कर दी।
शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले विजेंद्र, उसका भतीजा और धमेंद्र लाठी डंडे लेकर आ गए और ताराचंद की तरफ से उसकी मां, बहन और उसे पीटने लगे। वहीं ताराचंद ने बताया कि प्रवीण को सड़क पर गोबर फेंकने से मना करने पर उसकी बेटियों ने मारपीट शुरू कर दी।