यूपी बॉर्डर पर रोकी गई डीटीसी की बस...
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद पुलिस ने मंगलवार शाम को लोगों से भरी दो डीटीसी बसों को गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश करने से रोक दिया। बस में करीब 80 लोग सवार बताए जा रहे थे। साथ में एक दिल्ली पुलिस का सिपाही भी था। सीमा पर बसों के पहुंचने की सूचना पर गाजियाबाद पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट की तरफ से यूपी गेट के पास लोगों से भरीं डीटीसी की दो बसें पहुंचीं। उनमें दिल्ली पुलिस का एक सिपाही भी सवार था। यूपी गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को जानकारी करने पर पता चला कि कश्मीरी गेट स्थित शेल्टर होम से इन लोगों को गाजीपुर शेल्टर होम में शिफ्ट करने ले जा रहे हैं।
इस पर गाजियाबाद पुलिस ने बसों को अपनी सीमा में प्रवेश नहीं दिया। इस पर दोनों बसें गाजीपुर मंडी के पास यूपी के खोड़ा की सीमा के पास पहुंच गईं। यहां पर भी पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रवेश नहीं दिया। इसी सूचना मिलते ही एसपी सिटी डा. मनीष कुमार मिश्र, सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन, एसएचओ खोड़ा संदीप सिंह, एसएचओ कौशांबी अजय सिंह मौके पर पहुंच गए।
एसपी सिटी डा. मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि दिल्ली से आईं बसों को अपनी सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया। सभी सीमाएं पूरी तरह से सील हैं। दोनों बसों को वापस भेज दिया गया है।
डीटीसी ने बताया अफवाह
डीटीसी बसों में मजदूरों को गाजियाबाद सीमा की तरफ ले जाने की बात को अधिकारी अफवाह बता रहे हैं। पूर्वी दिल्ली कंट्रोल रूम के मुताबिक केवल स्पेशल हायर बसें ही संचालित हो रही हैं जो रात 8.30 बजे ही डिपो लौट आती हैं। इस मामले में डीटीसी के प्रवक्ता सहित परिवहन के आला अधिकारी ने कुछ भी बताने से इंकार किया। हालांकि आनंद विहार पर भारी संख्या में डीटीसी की बसों में पहुंचाए गए लोगों को किसके आदेश पर भेजा गाय, इस मामले में परिवहन विभाग के अधिकारी कन्नी काटते रहे।