निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज में चीनी नागरिक भी आए थे। चीन से जमात में शामिल होने के लिए कुल आठ नागरिक आए थे। इनमें से दो को कोरोना हुआ था, हालांकि एक चीनी नागरिक को कोरोना क्वारंटीन सेंटर में हुआ था। दिल्ली पुलिस ने इन चीनी नागरिकों का पासपोर्ट जब्त कर लिया है। इन चीनी नागरिकों से भी विशेष रूप से पूछताछ की जा रही है।
अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चीन से आए आठ नागरिक मार्च की शुरुआत में भी जमात में शामिल होने आ गए थे। ये काफी दिन तक निजामुद्दीन स्थित मरकज में रहे थे। इन चीनी नागरिकों को भी अन्य जमातियों के साथ 30 मार्च को मरकज से निकाला था। इनको पुल प्रह्लादपुर इलाके में रेलवे परिसर में बनाए गए कोविड सेंटर में रखा गया था। यहां जब टेस्ट कराया गया, तो एक चीनी नागरिक कोरोना पॉजिटिव निकला था। हालांकि दूसरे चीनी नागरिक को कोरोना कोविड सेंटर में हुआ था। अभी पांच चीनी नागरिक पुल प्रह्लादपुर स्थित कोविड सेंटर में हैं, जबकि एक अस्पताल में भर्ती है। एक अन्य चीनी नागरिक न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में बनाए गए कोविड सेंटर में है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चीनी नागरिकों से विशेष रूप से पूछताछ की जा रही है कि वह चीन में कहां के रहने वाले हैं और क्या उनकी एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग आदि हुई थी। दूसरी तरफ एसडीएम के पत्र के बाद दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा अलर्ट हुई थी। कुछ दिन पहले दिल्ली सरकार व एसडीएम ने पत्र लिखा था कि वह कोविड सेंटर में रखे हुए विदेशी नागरिकों को छोड़ रहे हैं।
इसके बाद अपराध शाखा ने इनके पासपोर्ट जब्त किए और विदेशी नागरिकों को नोटिस दिया था कि वह कोविड सेंटर से छोड़े जाने के बाद सात दिन के अंदर अपराध शाखा की पूछताछ में शामिल हों। अपराध शाखा ने काफी विदेशी जमातियों से पूछताछ कर ली है।