नोएडा एसटीएफ और नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेडिंग मोबाइल एप (गूरो मीडिया एप) से भारतीय नागरिकों से 100 करोड़ ठगने के आरोप में चीन के दो नागरिकों को सन हेवन होटल से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान फेंग चेंजिन और हुआंग कुआन के रूप में हुई है। आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किए गए चीन के नागरिकों और मददगार रवि नटवरलाल के साथी हैं। हुआंग ग्रेनो की एक कंपनी का कर्मचारी भी है।
आरोपियों ने यू-ट्यूब और सोशल मीडिया का सहारा लेकर चेन सिस्टम से देश के हजारों लोगों को मुनाफे का लालच देकर ठगा और रकम क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से चीन भेज दी। मामले में चीन और भारत के कुल 12 आरोपियों पर केस दर्ज कर विदेशी करेंसी और ठगी में इस्तेमाल सामान बरामद किया गया है।
जिला पुलिस और एसटीएफ को लगातार साइबर क्राइम पोर्टल पर गूरो एप से ठगने की शिकायतें मिल रहीं थीं। शिकायतकर्ता दिल्ली निवासी रामदीप, सोनीपत निवासी प्रदीप और कोयंबटूर के श्रवंका कुमार से बात कर आरोपियों के मोबाइल नंबर आदि लेकर जांच की गई तो आरोपियों की लोकेशन ग्रेटर नोएडा में मिली। नॉलेज पार्क पुलिस और एसटीएफ की टीम ने शनिवार शाम नॉलेज पार्क स्थित होटल में पहुंचकर कार्रवाई की और मौके से ट्रेडिंग एप से ठगी करने संबंधित सामान बरामद किया।
यहीं से चीन के दोनों को नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। चीन के नागरिक जियाओ यानबिन ने साथी रवि नटवरलाल की कंपनी से गूरो एप कनेक्ट कराया था। आरोपी हुआंग इसी वर्ष भारत आया और कासना औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी में काम करने के साथ आरोपियों के साथ भी ठगी करने लगा।
पुलिस ने इस मामले में फेंग चेंजिन, हुआंग कुआन, झंगयान, ली झोंगजूं, जियाओ याबिन, ही झुआंगझुआंग, रवि नटवरलाल, एंक्यू पेमे, पंकज कुमार, शशांक, रोशन यादव और विधुर तिवारी पर केस दर्ज किया है।
सिमकार्ड और खाता कनेक्ट कराने में भारतीयों ने की मदद
फेंग चेंजिन ने बताय है कि वह पहले करोल बाग में पंकज कुमार के साथ रहता था। पंकज, शशांक और रोशन यादव का उन्होंने बैंक में खाता खुलवाया और इंटरनेट बैंकिंग से गूरो एप से कनेक्ट कर दिया। पंकज के ही फतेहपुर निवासी साथी विधुर तिवारी ने पैसे लेकर सिमकार्ड उपलब्ध कराए।
ये सामान और नकदी बरामद
आरोपियों के कब्जे से 96 चालू सिम, 70 सिम, दो लैपटॉप, टैब, चार मोबाइल, गूरो मीडिया ऐप के 76 पंफ्लेट, दो पासपोर्ट (एक एक्सपायर), डेबिट कार्ड, चेक बुक, महत्वपूर्ण दस्तावेज व 30 हजार भारतीय रुपये, 110 चीन की करेंसी युआन, 10 हजार कोरियाई करंसी, 5 हजार कंबोडिया की करंसी आदि।