इसी बोटिंग पूल में डूबने से हुई दोनों बच्चों की मौत
- फोटो : अमर उजाला
प्राधिकरण के निरस्त किए गए यूनिटेक बिल्डर के अधूरे प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा हो गया। दो मासूम दोस्तों की बोटिंग पूल में डूबकर मौत हो गई। घटना गौतमबुधनगर जिले के दादरी इलाके की। घोड़ी (बछेड़ा) गांव के पास सेक्टर म्यू में पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले दो बच्चों की बोटिंग पूल में डूबकर मौत हो गई।
शनिवार को एक बच्चा पशु चराने जंगल गए पिता को खाना देने दोस्त के साथ निकला था। रविवार सुबह दोनों के शव बोटिंग पूल से बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यूनिटेक बिल्डर के लिए कई वर्ष पहले जमीन आवंटित की थी। बाद में प्राधिकरण ने आवंटन रद्द कर दिया। इसके बाद से प्रोजेक्ट अधूरा पड़ा था।
इसी प्रोजेक्ट में बोटिंग पूल भी बनाया जा रहा था, जिसका निर्माण अधूरा होने से इसमें बरसात का पानी भर गया था। शनिवार को घोड़ी गांव निवासी जबरसिंह पशु चराने के लिए जंगल में गया हुआ था।
शाम को जबरसिंह का बेटा सोहिल रावल उर्फ सोलू (10) सिकंदराऊ निवासी पुष्पेंद्र के बेटे आर्यन (11) को साथ लेकर पिता को खाना देने गया था। दोनों एक ही स्कूल में कक्षा पांच के छात्र हैं। जब दोनों दोस्त घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उन्हें रात भर तलाश किया।
रविवार सुबह दोनों के शव बोटिंग पूल में पड़े मिले। आशंका है कि दोनों बच्चे जंगल से घर लौटने के दौरान नहाने चले गए होंगे जिससे दोनों डूब गए। परिजनों की तहरीर पर यूनिटेक बिल्डर और प्राधिकरण के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।