कीर्ति नगर में बुधवार शाम दो कारों में टक्कर होने से एक कार पलटकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस दौरान खिड़की से सिर निकल जाने से कार चला रहे वंश जौली (27) की मौत हो गई। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर दूसरी कार के चालक को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, कॉस्मेटिक कारोबारी वंश मां नंदिनी के साथ मानसरोवर गार्डन में रहते थे। पिता का देहांत हो चुका है। बुधवार शाम 5:49 बजे पुलिस को कीर्ति नगर के बीसीडी चौक पर हुंडई एलांट्रा और टोयोटा इटिओस में टक्कर की सूचना मिली। हुंडई चला रहे वंश का सिर बुरी तरह से कुचल गया था, जबकि दूसरी कार का चालक राजेश अरोड़ा मौके पर मिला। दस्तावेज के जरिये वंश की पहचान हुई।
जांच में पता चला कि वंश कार से किसी काम के सिलसिले में जा रहे थे। बीसीडी चौक के पास राजेश कार को दूसरी सड़क से मुख्य सड़क पर ला रहे थे। दायीं तरफ जगह कम होने और अचानक ब्रेक नहीं लगा पाने पर वंश की कार राजेश की कार के अगले हिस्से से टकरा गई। इससे वंश की कार पलट गई जो काफी दूर तक घिसीटती चली गई। सीट बेल्ट नहीं पहनने से वंश का सिर खिड़की से बाहर निकल गया था।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने: सीसीटीवी में दिख रहा है कि वंश कार से सीधे आ रहे थे। इस बीच राजेश दूसरी जगह से उस सड़क पर पहुंचा। राजेश ने वंश की कार को नहीं देखा और कार को दाहिनी ओर ले जाने लगा। इसी दौरान वंश की कार राजेश की कार के अगले हिस्से से टकरा गई। टक्कर लगने ही कार पलटकर घिसटती चली गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद से मां सदमे में
बेटे की हादसे में मौत की सूचना मिलने से वंश की मां नंदिनी सदमे में हैं। वंश उनका इकलौता बेटा था। पति की मौत के बाद से वह बेटे के साथ रहती थीं। वंश अविवाहित था। मां का आरोप है कि कार चालक शराब के नशे में था, उसे मुख्य सड़क पर आने के दौरान पीछे से आ रही गाड़ियों को देखना चाहिए था, लेकिन वह कार लेकर सीधा सड़क पर आ गया। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।