चालक की मौत की जांच में हुआ गिरोह का पर्दाफाश, दो भाई समेत तीन गिरफ्तार
-चोरी के 10 ई-रिक्शा और वारदात में इस्तेमाल होने वाले 47 औजार बरामद, नंबर बदलकर किराए पर चलवाते थे ई-रिक्शा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंगोलपुरी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उनके वाहन लूटने वाले दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीसरा आरोपी इनका चचेरा भाई है। आरोपी पहले चालकों को नशीला पदार्थ या गोलियां मिली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश करते थे और फिर उनका ई-रिक्शा व मोबाइल लेकर फरार हो जाते थे। एक वारदात के दौरान आकाश नाम के चालक की मौत हो गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक चालक आकाश का ई-रिक्शा समेत कुल 10 ई-रिक्शा बरामद किए हैं। इनके पास से 47 औजार भी मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्तूबर को मंगोलपुरी के बापू पार्क के पास एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। पुलिस ने उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मंगोलपुरी निवासी आकाश के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान जाकिर, आसिफ (26) और यूसुफ उर्फ भूरे (39) के रूप में की गई है।