कोरोना जांच करता स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में दो सगे भाई कोरोना संक्रमित मिले हैं, जिन्हें लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही पांडव नगर की गली नंबर 12 को सील कर दिया है। मंगलवार को गली में बाकी लोगों की जांच कराई जा सकती है। वहीं, लोकनायक अस्पताल में भर्ती कोरोना संदिग्ध एक महिला की मौत हो गई। रविवार को महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के चलते उसकी मौत हो गई। हालांकि, उसकी रिपोर्ट अभी तक अस्पताल को नहीं मिली है।
उस्मानपुर में एक महिला संदिग्ध, 27 क्वारंटीन
यमुनापार दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में कोरोना संदिग्ध एक महिला मिली है। इसके बाद इलाके के 27 लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है। रिपोर्ट के आधार पर ही इस इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जाएगा। गली नंबर 31 निवासी महिला के परिजनों को क्वारंटीन कर दिया है।
पिज्जा ब्वॉय : 16 लोगों की रिपोर्ट आई निगेटिव
मालवीय नगर में पिज्जा डिलीवरी करने वाला कर्मचारी संक्रमित मिलने के बाद अब बाकी 16 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोमवार को जिला प्रशासन ने हाईरिस्क में शामिल 16 लोगों की निगेटिव रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की है। हालांकि, मालवीय नगर, हौजरानी, साकेत, हौजखास जैसे जिन इलाकों में उसने इस दौरान डिलीवरी दी थी उन सभी घरों की पहचान करके उनमें रहने वाले 72 लोगों को भी होम क्वारंटीन की सलाह दी गई है। इसके अलावा जिस अस्पताल में कर्मचारी डायलिसिस के लिए गया था वहां के डॉक्टरों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
नबी करीम थाने के भी तीन सिपाही कोरोना पॉजिटिव
नबी करीम थाने के तीन सिपाही भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सिपाहियों के संपर्क में आए सभी जवानों को क्वारंटीन होने के आदेश दे दिए गए हैं। दरअसल, मध्य दिल्ली में बड़ी संख्या में कोरोना मरीज मिलने के बाद थाने के 40 पुलिसकर्मियों का कोरोना टेस्ट कराया गया था। इन तीनों को छोड़कर बाकी सभी पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट फिलहाल निगेटिव आई है।