अपराध शाखा की टीमों ने अलग-अलग जगहों से पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीमों ने दो अलग-अलग जगहों से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 815 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि टीम ने समता विहार, मुकुंदपुर, दिल्ली में छापा मारा और समता विहार, मुकुंदपुर निवासी राधा रमन (52) को गिरफ्तार किया। उसकी दुकान की तलाशी लेने पर 122 किलोग्राम पटाखों की एक बड़ी खेप बरामद हुई।
वहीं अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने बताया कि टीम ने गांव मटियाला, बिंदापुर उत्तम नगर में छापे मार कर गांव मटियाला दिलबाग सिंह (52) को गिरफ्तार किया। उसके परिसर के भूतल से 693 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। आइसक्रीम निर्माण इकाई की आड़ में पटाखे रखे जा रहे थे। पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिवाली में अधिक मुनाफा कमाने के लिए पटाखे लाया था।