फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फरीदाबाद: पैसे कमाने के चक्कर में दो दोस्त बने अपहरणकर्ता, 11 साल के बच्चे को किया अगवा, गिरफ्तार

Sun, 18 Oct 2020 12:11 PM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, फरीदाबाद
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

लॉकडाउन में कामधंधा ठप होने के कारण पैसे कमाने के चक्कर में दो दोस्त अपहरणकर्ता बन गए। दोनों ने पांच दिन पहले फरीदाबाद के सेक्टर-91 में घर के बाहर से 11 साल के एक बच्चे का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने बच्चे को गाजीपुर, दिल्ली स्थित एक होटल में छिपा कर रखा था और उसकी मां से फिरौती मांगने की तैयारी में थे। 

विज्ञापन


इससे पहले ही पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों और तकनीक की मदद से शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

पुलिस उपायुक्त मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि सेक्टर-91 में रहने वाली पूनम चौहान ने पल्ला थाने में 14 अक्तूबर को मामला दर्ज करवाया था कि उनका 11 साल का बेटा पृथवी चौहान 13 अक्तूबर की शाम घर के पास स्थित डेयरी से दूध लेने गया था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। 
विज्ञापन


पल्ला थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कॉलोनी में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें दो युवक स्कूटी पर पृथ्वी को ले जाते हुए दिखा दे रहे थे। पुलिस ने पूनम चौहान को वह फुटेज दिखाई तो उसमें से एक युवक की पहचान उन्होंने सोनू के रूप में की। 

पूनम चौहान कुत्ते खरीदने व बेचने का काम करती हैं और कल्याणपुरी, दिल्ली निवासी सोनू कुत्तों को ट्रेनिंग देता है। ऐसे में सोनू का पिछले तीन साल से पूनम चौहान के पास आना जाना था। वह पूनम चौहान से कई बार कुत्ते के बच्चे भी खरीद चुका था। 

ऐसे में पूनम चौहान की आर्थिक स्थिति ठीक होने के कारण उसने अपने दोस्त गाजीपुर, दिल्ली निवासी अमन के साथ उनके बेटे के अपहरण की योजना बनाई। अमन एसी ठीक करने का काम करता था, मगर लॉकडाउन के कारण उसका भी काम ठप हो गया था। 

विज्ञापन

13 अक्तूबर की शाम को किया अपहरण
सोनू और अमन 13 अक्तूबर की शाम को पूनम चौहान के घर के पास पहुंचे। इस दौरान उन्हें पूनम चौहान का बेटा 11 साल का पृथ्वी घर के बाहर कहीं जाता हुआ मिला। दोनों उसे बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। दोनों उसे गाजीपुर स्थित एक होटल में ले गए और वहीं रखा। 

इस दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो सोनू की पहचान हुई। सोनू की तलाश करते हुए पुलिस उसके घर पहुंची तो पता चला कि वह तीन दिन से घर नहीं आया है। पुलिस ने तकनीक की मदद लेकर पता लगाया तो पता चला कि वह कल्याणपुरी, दिल्ली में है। पुलिस ने उसके दोस्त की मदद से उसे काबू कर लिया।

सोनू की निशानदेही पर अमन को किया गिरफ्तार
पुलिस ने सोनू से पूछताछ की तो उसने बताया कि बच्चा गाजीपुर, दिल्ली स्थित एक होटल में है और अमन उसके पास है। इस पर पुलिस ने तुरंत गाजीपुर स्थित होटल में रेड की और वहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर अमन को भी गिरफ्तार कर लिया। 

दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पूनम चौहान से फिरौती मांगने की तैयारी में थे, मगर उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया है। दोनों ही आरोपियों को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद करेगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें