पुलिस के मुताबिक 68 वर्षीय संतोष कुमार परिवार के साथ विवेक विहार के कस्तूरबा नगर इलाके में रहती हैं। घर के पास ही इनकी बेटी व दामाद अपने परिवार के साथ रहते हैं। 21 जुलाई की शाम को उनकी छह वर्षीय नातिन भागकर घर पहुंची। उसने संतोष को बताया कि उसके पापा को पुलिस पकड़ने आई है। संतोष फौरन बेटी के घर पहुंची तो वहां दो व्यक्ति खुद को गुरुग्राम पुलिस का जवान बताकर उनके दामाद को घसीट रहे थे।
उनके पूछने पर दोनों ने बस इतना बताया कि फिलहाल वह उनके दामाद को ले जा रहे हैं, बाद में पता चलेगा कि इसने क्या किया है। इसके बाद पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। आरोपी दामाद को लेकर चले गए। परिवार युवक की तलाश करता रहा। शनिवार को परेशान होकर परिवार ने युवक को अगवा करने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीड़ित युवक की तलाश कर रही है।