ग्रेटर नोएडा के बीटा-दो थाना क्षेत्र के अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट स्थित रेस्तरां संचालक को पिज्जा-बर्गर के पैसे मांगने पर हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने इस दौरान एक छात्रा को भी थप्पड़ मारा था। आरोपियों की पहचान डाबरा गांव के टीटू भाटी और अंकित भाटी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयोग किया गया तमंचा भी बरामद किया है।
मूलरूप से जेवर और सेक्टर-36 में रहने वाले राहुल शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने भाई के साथ अल्फा एक कॉमर्शियल बेल्ट में स्ट्रीट कैफे के नाम से रेस्तरां चलाते हैं। चार अक्तूबर की रात आरोपी अंकित, टीटू व एक अन्य साथी के साथ पहुंचे थे। आरोपी एक छात्रा से अभद्रता व कमेंट करने लगे। राहुल के चचेरे भाई हिमांशु ने बिल भुगतान करने के लिए कहा तो आरोपियों ने तमंचा तान दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और हंगामा किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। थाना प्रभारी विनोद मिश्रा का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों के खिलाफ जल्द आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।