गांव जारचा में गुलावठी रोड स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर पर बुधवार को मां सरस्वती की मूर्ति खंडित करने का मामला सामने आया है। एक सप्ताह के भीतर मंदिर में देवी-देवताओं की मूर्ति खंडित किए जाने का ये दूसरा मामला है।
लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने की साजिश की जा रही है। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार जारचा गांव में गुलावठी रोड पर मां दुर्गा का प्राचीन मंदिर है।
उसको वैष्णो दरबार के नाम से भी पुकारा जाता है। मंदिर में देवी मां, काली मां और सरस्वती मां की मूर्तियां स्थापित हैं। नवरात्र के दिनों में महिलाएं और पुरुष पूजा अर्चना के लिए मंदिर आते हैं। बुधवार को असामाजिक तत्वों ने मां सरस्वती की मूर्ति खंडित कर दी।